उर्दू भाषा हमारी गंगा-जमुनी तहजीब, संस्कृति और आपसी भाईचारे की पहचान: मोहम्मद आरिफ
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। विश्व उर्दू दिवस के अवसर पर भारतीय मजदूर परिषद के प्रदेश अध्यक्ष (उत्तराखंड) एवं पूर्व सदस्य राष्ट्रीय निगरानी समिति, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार, मोहम्मद आरिफ चौधरी ने समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं है। इस अवसर पर मोहम्मद आरिफ चौधरी ने कहा कि उर्दू केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी साझी संस्कृति, सभ्यता, साहित्य, प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की खूबसूरत विरासत है। इस भाषा ने सदियों से लोगों के दिलों को जोड़ने और समाज में आपसी सद्भाव का संदेश देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि उर्दू भाषा की मिठास उसकी शायरी, गजल, नज्म, अदब और साहित्य में दिखाई देती है। मीर, गालिब, अल्लामा इकबाल और अनेक महान साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से उर्दू साहित्य को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई है। उर्दू ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन, साहित्य, पत्रकारिता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मोहम्मद आरिफ चौधरी ने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम अपनी भाषाओं और साहित्यिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं। उर्दू सहित सभी भारतीय भाषाओं का सम्मान करना हमारी सांस्कृतिक जिम्मेदारी है। भाषा किसी धर्म या समुदाय की सीमाओं में बंधी नहीं होती, बल्कि वह इंसान को इंसान से जोड़ने का माध्यम होती है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे उर्दू भाषा को पढ़ने, लिखने और सीखने में रुचि लें तथा इसके साहित्य और ऐतिहासिक विरासत को समझें। किसी भी भाषा का संरक्षण तभी संभव है, जब नई पीढ़ी उसे अपनाए और आगे बढ़ाए। अंत में मोहम्मद आरिफ चौधरी ने कहा कि हमें ऐसी संस्कृति को मजबूत करना चाहिए, जहां हर भाषा, हर साहित्य और हर संस्कृति का सम्मान हो। उर्दू की मिठास, हिंदी की सरलता और भारत की अनेक भाषाओं की विविधता ही हमारे देश की खूबसूरती है। विश्व उर्दू दिवस के अवसर पर आइए संकल्प लें कि हम भाषाओं का सम्मान करेंगे, साहित्य को बढ़ावा देंगे और आपसी प्रेम, एकता तथा भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।









