हरिद्वार

बच्चों में बढ़ती आक्रामकता: आधुनिकता की दौड़ में कहीं संस्कार तो नहीं खो रहे हम: शिवानी गौर

रजत चौहान प्रधान सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई पंचकूला की घटना ने सब को हैरान कर दिया है। जी हां जिस-जिस ने वीडियो देखी उसकी रूहकांप गई, एक बच्ची के साथ उस की उम्र से मात्र २ साल बड़े एक बालक द्वारा इतनी बर्बरता से मारपीट की गई, ये केवल एक घटना नहीं, बल्कि हमारे समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है। आखिर हमारे बच्चों में इतनी आक्रामकता, असंवेदनशीलता और हिंसक प्रवृत्ति क्यों बढ़ती जा रही है? आधुनिक बनने की दौड़ में कहीं हम अपने बच्चों को अच्छे संस्कार देना तो नहीं भूल रहे? आज माता-पिता बच्चों की हर सुविधा का ध्यान रखते हैं, उन्हें महँगे गैजेट्स, मोबाइल और आधुनिक जीवनशैली तो दे रहे हैं, लेकिन क्या उनके साथ बैठकर उन्हें सही-गलत का अंतर, दूसरों के प्रति सम्मान, सहानुभूति, धैर्य और सामाजिक व्यवहार भी सिखा पा रहे हैं? बच्चों को तकनीक देना गलत नहीं है, लेकिन तकनीक के साथ संवेदनशीलता और संस्कार देना भी उतना ही आवश्यक है। बच्चों को केवल सफल बनाना ही नहीं, बल्कि एक अच्छा इंसान बनाना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्हें यह समझाना होगा कि किसी की भावनाओं, सम्मान और जीवन को चोट पहुँचाना बहादुरी नहीं, बल्कि संवेदनहीनता है। याद रखिए, बच्चों का व्यक्तित्व केवल स्कूल की शिक्षा से नहीं, बल्कि घर के वातावरण, माता-पिता के व्यवहार और उन्हें दिए जाने वाले समय से भी बनता है। यदि हम आज उनकी आक्रामकता को अनदेखा करेंगे और उनके व्यवहार को केवल बचपना समझकर टाल देंगे, तो कल इसके परिणाम पूरे समाज को भुगतने पड़ सकते हैं। यह समय केवल बच्चों के व्यवहार पर सवाल उठाने का नहीं, बल्कि अभिभावकों और समाज के रूप में अपनी जिम्मेदारियों पर आत्ममंथन करने का भी है। आधुनिकता तभी सार्थक है, जब उसके साथ मानवीय मूल्य और संस्कार भी जीवित रहें।

Related Articles

Back to top button