लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग करना वैभव को पड़ा भारी, मुकदमा दर्ज
दीपावली पर सोशल मीडिया में वायरल हुआ था वीडियो, मंगलौर पुलिस ने रिवॉल्वर कब्जे में लिया
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। दीपावली के मौके पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग कर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करना वैभव सैनी को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही फायरिंग में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवॉल्वर को भी कब्जे में ले लिया गया है। मंगलौर पुलिस के मुताबिक, आठ नवंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुलेआम हर्ष फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की। जांच के दौरान फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान वैभव सैनी निवासी निजामपुर के रूप में हुई। पुलिस ने जब मामले की पड़ताल की तो वैभव के पिता यशपाल सिंह ने भी वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान अपने बेटे के रूप में की। इसके बाद मंगलौर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लाइसेंसी रिवॉल्वर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।हरिद्वार पुलिस ने साफ किया है कि शादी विवाह, दीपावली या किसी भी सार्वजनिक आयोजन में हथियारों से हर्ष फायरिंग करना कानूनन अपराध है। लाइसेंसी हथियार होने का मतलब कानून से छूट मिलना नहीं है। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने और हर्ष फायरिंग कर लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









