हरिद्वार

खड़खड़ी में हुड़दंग और मारपीट करने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 5 व्यक्ति गिरफ्तार

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने खड़खड़ी क्षेत्र में आपस में गाली-गलौज, हंगामा और मारपीट कर रहे पांच व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार कोतवाली नगर पुलिस द्वारा लगातार शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 10 नवंबर 2026 को कोतवाली नगर पुलिस टीम खड़खड़ी क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रामगढ़, खड़खड़ी के पास कुछ व्यक्ति आपस में लड़ाई-झगड़ा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां कुछ लोग आपस में गाली-गलौज करते हुए हंगामा और मारपीट पर उतारू मिले। पुलिसकर्मियों ने उन्हें काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद वे शांत नहीं हुए और अधिक उत्तेजित होकर आमादा फसाद हो गए। स्थिति की गंभीरता और संज्ञेय अपराध घटित होने की प्रबल आशंका को देखते हुए पुलिस ने पांचों व्यक्तियों को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए व्यक्तियों में राजकुमार सैनी (53 वर्ष), आनंद सैनी (37 वर्ष), सुमित सिंह (32 वर्ष), अंकुल सैनी (25 वर्ष) और ऋषभ (19 वर्ष) शामिल हैं। सभी रामगढ़, संतोषी माता मंदिर के निकट, नई बस्ती खड़खड़ी, कोतवाली नगर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी, अपर उपनिरीक्षक दीपक ध्यानी, कांस्टेबल पवनीश कवि तथा कांस्टेबल विकास गैरोला शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने और कानून हाथ में लेने वाले लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button