हरिद्वार

नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शातिर एवं आदतन अपराधी को मुनादी कराकर, किया जिला बदर

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद में आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने एक शातिर एवं आदतन अपराधी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे मुनादी कराकर जनपद की सीमाओं से बाहर कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई है। कोतवाली नगर पुलिस ने मोहनराम पुत्र रामप्रसाद निवासी नई बस्ती, ऋषिकुल, हरिद्वार, उम्र 39 वर्ष के विरुद्ध गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रभावी पैरवी की थी। पुलिस की ठोस पैरवी के फलस्वरूप जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय द्वारा मोहनराम के विरुद्ध जिला बदर के आदेश पारित किए गए है। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में दिनांक 10 नवंबर 2026 को कोतवाली नगर पुलिस ने नियमानुसार आदेश की तामील कराई और मुनादी बजवाते हुए अभियुक्त को जनपद की सीमाओं से बाहर कर दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button