हरिद्वार

गाली-गलौच और मारपीट पर उतारू थे दोनों युवक, पुलिस के समझाने पर भी नहीं माने तो कसा कार्रवाई का शिकंजा

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस का ऑपरेशन प्रहार लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशों पर पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सार्वजनिक शांति भंग करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने जमालपुर खुर्द में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद कर रहे दो युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार हितेश कुमार निवासी जमालपुर खुर्द ने सूचना दी कि सुमित और मोहित नाम के दो व्यक्ति उन्हें धमकी दे रहे हैं। सूचना मिलते ही रानीपुर पुलिस की टीम जमालपुर खुर्द स्थित जायसवाल ट्रांसपोर्ट कंपाउंड पहुंची। मौके पर दोनों युवक पुरानी रंजिश को लेकर हितेश कुमार के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट पर उतारू थे। पुलिस टीम ने दोनों युवकों को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और उत्तेजित होकर हुड़दंग करने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को धारा 170 बीएनएस के तहत हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा दोनों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में कांस्टेबल गंभीर तोमर, कांस्टेबल सुमन डोभाल मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button