पिरान कलियर

कलियर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 24 घंटे में हरियाणा से सकुशल बरामद की 14 वर्षीय अपहृत किशोरी

सीसीटीवी फुटेज और सीडीआर लोकेशन की मदद से पुलिस ने बल्लभगढ़ (फरीदाबाद) तक पहुंचकर की कार्रवाई, परिजनों ने जताया पुलिस का आभार

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी) पिरान कलियर। कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर से लापता हुई 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी को महज 24 घंटे के भीतर हरियाणा के फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने किशोरी को आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटी की सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने कलियर पुलिस का आभार जताया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को धनौरा निवासी वंदना पत्नी भूपेंद्र सैनी ने कोतवाली पिरान कलियर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री 16 नवंबर को घर से बिना बताए कहीं चली गई है और वापस नहीं लौटी। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस से मदद की गुहार लगाई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 310/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया और किशोरी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की।

पुलिस टीम ने किशोरी की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही किशोरी के हुलिए और फोटो के आधार पर पूछताछ की गई तथा सीडीआर और लोकेशन की मदद से संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई।

पुलिस की लगातार मेहनत और प्रभावी कार्रवाई के चलते 18 नवंबर 2026 को किशोरी को हरियाणा के फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

किशोरी की सकुशल बरामदगी में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिरान कलियर, अपर उपनिरीक्षक रामअवतार, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, कांस्टेबल विक्रम चौहान और महिला हेड कांस्टेबल वीरवती शामिल रहे। कलियर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button