ऑपरेशन स्माइल: कलियर पुलिस ने 10 वर्षीय लापता बच्ची को सकुशल परिजनों से मिलाया, मां के चेहरे पर लौटी मुस्कान
जावेद अंसारी उत्तराखंड प्रभारी


हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी) पिरान कलियर। ऑपरेशन स्माइल के तहत पिरान कलियर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर से लापता हुई 10 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। बेटी के वापस मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली, वहीं मां के चेहरे पर भी खुशी लौट आई। पुलिस की इस कार्रवाई पर परिजनों ने टीम का आभार जताया।
वहीं इस बाबत पर पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि 4 नवंबर की रात हारुन पुत्र मुख्तियार अहमद निवासी मुकर्रबपुर ने कोतवाली पिरान कलियर पहुंचकर सूचना दी कि उनकी 10 वर्षीय पुत्री रात करीब 10 बजे घर से अचानक बिना बताए कहीं चली गई है। काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर बालिका की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने दरगाह क्षेत्र और आसपास के इलाकों में लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराया। वहीं, बालिका के परिजनों द्वारा उपलब्ध कराए गए फोटो के आधार पर दरगाह क्षेत्र, इमली रोड, धनौरी रोड और सोहलपुर रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।
पूरी रात पुलिस और परिजन बच्ची की तलाश में जुटे रहे। सुबह सर्च अभियान के दौरान पुलिस टीम को बेड़पुर के पास एक बालिका अकेली घूमती हुई दिखाई दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बालिका को अपने संरक्षण में लिया और कोतवाली लेकर पहुंची। इसके बाद चाइल्ड वेलफेयर टीम के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक पूछताछ की गई।
बालिका की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को सूचना देकर कोतवाली बुलाया गया। पुलिस ने सभी आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। समय रहते पुलिस की सक्रियता से बालिका सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सकी। बेटी को सामने देखकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और सराहनीय कार्य के लिए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।









