हरिद्वार

एडीजीपी की पाठशाला में युवाओं को साइबर ठगी, नशे और महिला सुरक्षा का पाठ

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। युवाओं को अपराध नशे और साइबर ठगी से बचाने के साथ सुरक्षित भविष्य के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड डॉ० वी० मुरुगेशन ने पिरान कलियर क्षेत्र स्थित हरिओम सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड मेडिकल साइंस में छात्र छात्राओं और स्थानीय नागरिकों के साथ सीधा संवाद किया। एडीजीपी ने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, एआई के जरिए होने वाले साइबर अपराध और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सतर्क रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, ग्राम प्रधानों और स्थानीय गणमान्य लोगों ने भाग लिया। एडीजीपी ने कहा कि युवा देश की ताकत और भविष्य हैं। जीवन में सफलता हासिल करने के लिए सही रास्ते का चुनाव बेहद जरूरी है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को बर्बाद करने के साथ पूरे परिवार और भविष्य पर भी गंभीर असर डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और आसपास नशा तस्करी अथवा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों पर एडीजीपी ने सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एआईके जरिए होने वाले धोखाधड़ी के तौर तरीकों समझाते हुए साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने को कहा। महिला सुरक्षा पर चर्चा करते हुए छात्राओं को गौरा शक्ति ऐप और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी दी गई।एडीजीपी ने कहा कि किसी भी परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में छात्राएं बिना डर और संकोच के पुलिस की मदद लें। उन्होंने युवाओं को सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की। जनसंवाद के दौरान छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। एडीजीपी ने सभी की बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और अपराध मुक्त समाज के निर्माण में भागीदार बनाना रहा।

Related Articles

Back to top button