गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन, श्रद्धा और सेवा का दिखा अद्भुत नजारा
रवि सक्सेना रुड़की संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रवि सक्सेना) रुड़की। श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शनिवार को रुड़की में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। इसमें सिख समाज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दोपहर करीब 2 बजे नगर कीर्तन गुरुद्वारा कलगीधर, रामनगर से शुरू हुआ, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ शाम करीब 7:30 बजे गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, सिविल लाइंस पहुंचकर संपन्न हुआ। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का भव्य स्वागत किया गया। नगर कीर्तन में गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी के आगे पांच प्यारे चल रहे थे। उनके आगे सेवादार पुष्पवर्षा करते हुए और महिला सेवादार झाड़ू लगाकर मार्ग की सफाई करते हुए चल रही थीं। इस दौरान पूर्व मेयर गौरव गोयल और प्रणय प्रताप सिंह ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और प्रसाद वितरित किया। सिविल लाइंस में अरविंद कश्यप और सत्संग सभा, जादूगर रोड गुरुद्वारा कमेटी की ओर से भी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया।









