गंगनहर किनारे अवैध खनन की शिकायत पर बहादराबाद पुलिस की कार्रवाई
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र में पुराने पावर हाउस के पास गंगनहर में लगातार खनन किए जाने की शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की है। कोतवाली बहादराबाद की बाजार चौकी पुलिस ने खनन में इस्तेमाल किए जा रहे एक ऑटो को कब्जे में लिया है। पुलिस के अनुसार, उक्त ऑटो का चेसिस नंबर पहले ही आरटीओ हरिद्वार द्वारा काटा जा चुका था और वाहन को डिस्ट्रॉय घोषित किया जा चुका था। पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, गंगनहर में लगातार खनन की शिकायतों के मद्देनजर कार्रवाई करते हुए मौके पर खनन में संलिप्त पाए गए ऑटो को कब्जे में लिया गया। वाहन नईम पुत्र नसीर निवासी बोंगला, बहादराबाद के नाम से संबंधित बताया गया है। कार्रवाई के दौरान ऑटो को अनिकेत पुत्र युसुफ निवासी दादूपुर गोविंदपुर, कोतवाली रानीपुर, जनपद हरिद्वार चला रहा था। वहीं इस बाबत पर बाजार चौकी प्रभारी विकास रावत ने बताया कि उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई गई है। वहीं इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में गंगनहर के आसपास खनन गतिविधियों पर निगरानी और अवैध खनन की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता एक बार फिर सामने आई है।









