हरिद्वार

बहादराबाद पुलिस ने 1.488 किलो गांजे के साथ दबोचा दिव्यांग तस्कर

नशा तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी भी सीज, युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए अभियान तेज

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार-2026 के तहत हरिद्वार पुलिस की नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने एक दिव्यांग युवक को 1 किलो 488 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार कर नशा तस्करी के नेटवर्क पर एक और बड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी सीज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बहादराबाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 30 जून को गश्त एवं चेकिंग के दौरान नहर पटरी रोड स्थित पुराने पावर हाउस से आगे पुलिया के पास एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 488 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान उस्मान पुत्र नूर अहमद निवासी ग्राम लादपुर कला, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और नशा तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी संख्या UK08BC-4248 को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली बहादराबाद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशा तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत (प्रभारी चौकी कस्बा बहादराबाद), कांस्टेबल नितुल यादव एवं कांस्टेबल अवनेश राणा शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button