कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर पुलिस अलर्ट, एसएसपी नवनीत सिंह ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी के निर्देश

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले को सकुशल एवं व्यवस्थित संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने जनपद के सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की है। बैठक में कांवड़ मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अब तक किए गए कार्यों का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में एसएसपी ने यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि कांवड़ मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय और प्रभावी पुलिसिंग बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का लगातार निरीक्षण करने तथा किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने की हिदायत देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के साथ किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में कांवड़ मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुचारु रखने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।









