नवादा के जंगल में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध कटान का भंडाफोड़
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। खानपुर वन रेंज क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कटान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लकड़ी माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया। सिकरोड़ा गांव से सटे नवादा गांव के जंगलों में बड़े पैमाने पर पेड़ों के अवैध कटान की सूचना मिलने पर वन क्षेत्रीय अधिकारी प्रियांशु पांडे के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने तत्काल छापेमारी की। मुखबिर की सूचना पर विभागीय टीम बिना समय गंवाए जंगल में पहुंची और अचानक कार्रवाई की। वन विभाग की टीम को देखते ही अवैध कटान में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि कई संदिग्ध मौके से फरार होने में कामयाब रहे। छापेमारी के दौरान वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से काटी गई लकड़ी से भरी एक ट्रॉली, दो मोटरसाइकिलें, जिनमें एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल भी शामिल है, तथा लकड़ी कटान में इस्तेमाल की जा रही दो वुड कटर मशीनें बरामद कीं। सभी सामान को नियमानुसार जब्त कर सीज कर दिया गया है। वन विभाग की टीम अब मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर अवैध कटान में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। विभाग द्वारा संबंधित वन अधिनियम एवं उत्तराखंड वन नियमों के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वन क्षेत्रीय अधिकारी प्रियांशु पांडे ने बताया कि बरामद सामग्री और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटान से जुड़े लोगों में खलबली मची हुई है। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जंगलों में अवैध कटान और वन संपदा की तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।









