नमामि गंगे घाट पर हरिद्वार पुलिस एवं भारतीय सेना के सिख रेजिमेंट आर्टिलरी का संयुक्त स्वच्छता अभियान
कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने के बाद राष्ट्र एकता और स्वच्छता का संदेश

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रवि चौहान) हरिद्वार। कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने के उपरांत आज प्रातः नमामि गंगे घाट पर हरिद्वार पुलिस एवं भारतीय सेना की सिख रेजिमेंट आर्टिलरी, रायवाला के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वच्छता अभियान एवं देशभक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिख रेजिमेंट आर्टिलरी के कमांडेंट द्वारा गरिमापूर्ण वातावरण में ध्वजारोहण के साथ किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ, जिससे संपूर्ण घाट परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया।
ध्वजारोहण के उपरांत नमामि गंगे अभियान के उद्देश्यों एवं गंगा नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में हरिद्वार पुलिस के जवानों, सिख रेजिमेंट आर्टिलरी के सैनिकों एवं स्थानीय स्वयंसेवकों ने कंधे से कंधा मिलाकर सहभागिता की।
पुलिस एवं सेना के जवानों तथा सहयोगियों के अथक प्रयासों से नमामि गंगे घाट एवं आसपास के तटवर्ती क्षेत्रों से लगभग 6 टन कचरा एकत्रित किया गया, जिसमें प्लास्टिक, सूखा एवं गीला कचरा शामिल था। एकत्रित कचरे को उचित निस्तारण हेतु भेजा गया। इस संयुक्त स्वच्छता अभियान के माध्यम से पुलिस एवं सेना ने आपसी समन्वय, राष्ट्र एकता, नागरिक कर्तव्य एवं पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान सिख रेजिमेंट आर्टिलरी के कमांडेंट ने उपस्थित जवानों एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि नदियों एवं सार्वजनिक धरोहरों को स्वच्छ रखना हम सभी का राष्ट्रीय दायित्व है। सेना एवं पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से किया गया यह प्रयास समाज में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। हरिद्वार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस सफल अभियान के लिए सिख रेजिमेंट आर्टिलरी, रायवाला एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे अभियानों में निरंतर सहभागिता एवं सहयोग का संकल्प दोहराया।









