हरिद्वार

कांवड़ मेला की तैयारियों पर मुख्यमंत्री धामी की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक, व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन सभागार, हरिद्वार में कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी कांवड़ मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने को लेकर विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, राम सिंह कैड़ा एवं प्रदीप बत्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के सुधांशु, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के दौरान यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, घाटों पर सुरक्षा, आपदा प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाए, ताकि देशभर से आने वाले करोड़ों शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ मेला उत्तराखंड की पहचान और आस्था का महापर्व है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान प्रत्येक व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार रहें।

Related Articles

Back to top button