हरिद्वार

दो साल बाद मिला परिवार का बिछड़ा बुजुर्ग कलियर में बेटे से मिलकर छलक पड़े आंसू

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। प्रयागराज कुंभ में परिवार से बिछड़े बिहार निवासी एक बुजुर्ग को हरिद्वार पुलिस ने दो साल बाद उनके परिजनों से मिलाकर परिवार की खुशियां लौटा दीं। हरिद्वार के कलियर में सत्यापन अभियान के दौरान भिक्षावृत्ति करते मिले बुजुर्ग की पहचान कर एएचटीयू और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम ने उनके परिजनों से संपर्क साधा। वीडियो कॉल पर पिता को देखते ही बेटे की आंखें भर आईं। सूचना मिलते ही बेटा हरिद्वार पहुंचा और अपने पिता को गले लगाकर भावुक हो गया। बता दे कि एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान एएचटीयू के कांस्टेबल मुकेश कुमार को कलियर शरीफ मजार परिसर में जूता स्टाल के पास करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग लोगों से खाने पीने की चीजें और पैसे मांगते मिले। पूछताछ में बुजुर्ग ने बताया कि वह बिहार के औरंगाबाद जिले के थाना कुटुंबा क्षेत्र के निवासी हैं और प्रयागराज कुंभ में गांव के लोगों के साथ स्नान करने गए थे, जहां परिवार से बिछड़ गए। इसके बाद से वह भटक रहे थे। पुलिस टीम ने बुजुर्ग के बताए पते के आधार पर कुटुंबा थाना पुलिस से संपर्क किया और उनकी पहचान व परिजनों की जानकारी जुटाई। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए बुजुर्ग की उनके बेटे से बात कराई गई। पिता को देखते ही बेटे अंकित भावुक हो उठा। उसने पुलिस को बताया कि यही उसके पिता हैं, जो दो साल पहले प्रयागराज कुंभ में गांव वालों के साथ गए थे और वहीं से लापता हो गए थे। परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया था। पिता के मिलने की खबर से परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। बेटा रात में ही ट्रेन से हरिद्वार पहुंचा और अगले दिन कलियर आया। पिता को सामने देखते ही बेटे ने उन्हें गले लगा लिया। इस भावुक मिलन के दौरान दोनों की आंखों से आंसू छलक पड़े। बेटे ने हरिद्वार पुलिस की संवेदनशीलता और कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार जताया।पुलिस ने बुजुर्ग को उनके बेटे अंकित, जो केंद्रीय सुरक्षा बल सीआईएसएफ में उपनिरीक्षक पद पर तैनात हैं, और अन्य परिजनों के सुपुर्द कर दिया। संयुक्त टीम में एएचटीयू के कांस्टेबल मुकेश कुमार, कलियर के एसएसआई रमेश सैनी, एसआई विनोद गोला, हेड कांस्टेबल जमशेद, बीआर वर्मा, रविंद्र सिंह और कांस्टेबल जितेंद्र शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button