हरिद्वार

आयुष्मान, जल जीवन मिशन, खाद्य सुरक्षा और रोजगार योजनाओं की प्रगति पर दिए अहम निर्देश

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद प्रभारी सचिव वीके संत ने बुधवार को विकास भवन सभागार में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करें। बैठक में स्वास्थ्य, ग्राम्य विकास, शिक्षा, बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, समाज कल्याण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा जल जीवन मिशन सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि आयुष्मान भारत योजना के तहत सभी पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र परिवारों को निर्धारित अवधि तक रोजगार उपलब्ध कराने, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत नियमित एवं पारदर्शी राशन वितरण सुनिश्चित करने तथा जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं जनपद में चिकित्सकों की कमी दूर कर स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने जनपद में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी विभाग इसी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करते रहें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। बैठक से पूर्व जनपद आगमन पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रभारी सचिव वीके संत का पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया। जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति से अवगत कराते हुए भरोसा दिलाया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए नलिनीत घिल्डियाल, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश जोशी, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग दीप सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button