हरिद्वार

अटल वाटिका-ज्वालापुर कोतवाली मार्ग के पुनर्निर्माण व चौड़ीकरण का शुभारंभ, क्षेत्रवासियों को मिलेगी बड़ी राहत

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। नगर पालिका शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने अटल वाटिका से ज्वालापुर कोतवाली को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग के पुनर्निर्माण एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स द्वारा चौड़ीकरण कार्य का नारियल फोड़कर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। नगर पालिका क्षेत्र में भी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अटल वाटिका से ज्वालापुर कोतवाली तक का यह मार्ग क्षेत्र के हजारों लोगों की दैनिक आवाजाही का प्रमुख रास्ता है। सड़क के पुनर्निर्माण और चौड़ीकरण से यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी तथा आमजन को आवागमन में बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। राजीव शर्मा ने कहा कि रपटे पर बन रहे नए पुल के निर्माण कार्य के साथ इस सड़क का चौड़ीकरण क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इससे यातायात का दबाव कम होने के साथ जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी। साथ ही आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी, जिससे स्थानीय लोगों को सीधे लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका शिवालिक नगर जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में भी सड़क, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जनहित से जुड़े कार्यों को गति दी जाएगी। इस अवसर पर सभासद वीरेंद्र अवस्थी, हरिओम चौहान, डॉ. राजकुमार यादव, रमेश पाठक, दीपक नौटियाल, गौरव पुंडीर, दिनेश वर्मा, चंद्रभान सिंह, हरेंद्र कुमार, मंडल महामंत्री पंकज चौहान, अजय मलिक, अशोक उपाध्याय, रवि वर्मा, अंशुल शर्मा, देव विख्यात भाटी, आदित्य मलिक, महेंद्र शर्मा, राजेश बालियान, सुधांशु राय और विजय चौधरी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य के शुभारंभ पर क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा का आभार जताया और उम्मीद जताई कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास और यातायात सुविधा को नई दिशा देगी।

Related Articles

Back to top button