डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर युद्धस्तर पर हो रहा सड़क पुनर्निर्माण
स्थानीय जनता, व्यापारियों और तीर्थ यात्रियों को जल्द मिलेगी राहत
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। चारधाम यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से हरिद्वार शहर में सीवरेज कार्यों के कारण खोदी गई सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य अब त्वरित गति से दिन-रात जारी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा मार्गों और शहर की प्रमुख सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ठीक किया जाए, ताकि स्थानीय जनता, व्यापारियों तथा तीर्थ यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम मिनाक्षी मित्तल के नेतृत्व में केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के अंतर्गत पैकेज-01 एवं पैकेज-02 में सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। परियोजना प्रबंधक ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 मई को विभिन्न क्षेत्रों में कुल 113 मीटर सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य पूर्ण किया गया। पैकेज-01 के अंतर्गत सूरजपुर कॉलोनी में 25 मीटर सीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा किया गया। वहीं पैकेज-02 में गणपतिधाम फेस-3 पावर ब्लॉक में 15 मीटर, गुप्ता कॉलोनी पावर ब्लॉक में 28 मीटर, गणपतिधाम फेस-3 सीसी रोड में 25 मीटर तथा अजितेश विहार पावर ब्लॉक में 20 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। प्रशासन का कहना है कि चारधाम यात्रा के मद्देनज़र शहर की सभी क्षतिग्रस्त एवं खोदी गई सड़कों को जल्द से जल्द दुरुस्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए निर्माण एजेंसियों को लगातार मॉनिटरिंग के साथ कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय लोगों ने भी निर्माण कार्यों में आई तेजी पर संतोष जताते हुए उम्मीद व्यक्त की है कि जल्द ही शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु हो जाएगी।









