हरिद्वार

सिडकुल की सड़क बनी जंग का मैदान, युवक-युवती के विवाद में भिड़े कई लोग: Video

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में एक युवक-युवती के आपसी विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब कंपनी में काम करने वाले युवक-युवती के बीच कहासुनी के बाद कई लोग सड़क पर आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और सड़क पर काफी देर तक हंगामा होने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो गुरुवार शाम पेंटा मॉल के पास का बताया जा रहा है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कई युवक एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते नजर आ रहे हैं। वहीं, कुछ महिलाएं भी विवाद और मारपीट में शामिल दिखाई दे रही हैं। मारपीट के दौरान बेल्ट का इस्तेमाल किए जाने की तस्वीरें भी वीडियो में कैद हुई हैं।

चर्चा है कि विवाद की शुरुआत कंपनी में काम करने वाले युवक-युवती के बीच किसी बात को लेकर हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और मामला देखते ही देखते सड़क पर खुलेआम मारपीट तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सिडकुल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है। वहीं इस बाबत पर सिडकुल थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया पुलिस को किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने के साथ-साथ विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो के बाद अब सवाल यह है कि आखिर मामूली विवाद ने इतना बड़ा रूप कैसे ले लिया और सड़क पर खुलेआम मारपीट की नौबत क्यों आई।

Related Articles

Back to top button