हरिद्वार

चारधाम यात्रियों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर सख्ती, सड़े चने नष्ट, कई प्रतिष्ठानों को नोटिस

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपदभर में होटल, ढाबों, कैंटीन और रेस्टोरेंटों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। सहायक आयुक्त एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि चारधाम यात्रा और गर्मी के मौसम को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। नेशनल हाईवे-58 पर जुर्स कंट्री से कोर कॉलेज रुड़की तक स्थित 11 कैंटीन, रेस्टोरेंट एवं ढाबों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रयोगशाला जांच के लिए काला चना और खाद्य तेल के दो नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान खुली हल्दी और लाल मिर्च पाउडर पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट अंकित न मिलने पर उन्हें जब्त किया गया। वहीं बहादराबाद क्षेत्र की एक कैंटीन से दुर्गंधयुक्त 4.5 किलो उबले काले चने बरामद होने पर मौके पर ही नष्ट कराए गए। अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ बनाने, खुले डस्टबिन का प्रयोग करने और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर चार खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। गंभीर अनियमितताओं के चलते संबंधित कैंटीन के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड प्रदर्शित न करने पर दो ढाबा संचालकों को भी नोटिस दिए गए। 25 मई को खाद्य विभाग की तीन अलग-अलग टीमों ने सिडकुल रोशनाबाद, हरकी पैड़ी, भूपतवाला, कनखल, पुहाना और झबरेड़ा क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया। विभिन्न प्रतिष्ठानों से पनीर, सरसों तेल, सूजी, खाद्य तेल और खुला धनिया पाउडर समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए। दस्तावेजों में अनियमितता पाए जाने पर कई कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा 2026 के दौरान जनपदभर में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और खाद्य पदार्थों में मिलावट या ओवररेटिंग पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button