हरिद्वार

अपराध गोष्ठी में दिखे एसएसपी के सख्त तेवर, विवेचना में लापरवाही पर होगी कार्यवाही

नशा तस्करों की संपत्ति जब्त करने में लाएं तेजी, थाना प्रभारियों को दिए निर्देश

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। हरिद्वार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें सभी जनपद के राजपत्रित पुलिस अधिकारी समेत थाना प्रभारी ओर शाखा प्रभारी शामिल हुए। अपराध गोष्ठी के समय वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के सख्त तेवर देखने को मिले हैं, उन्होंने नशा तस्करों की संपत्ति जब्त करने के थाना प्रभारियों को निर्देश देते हुए विवेचना में किसी भी सूरत लापरवाही पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जानकारी के अनुसार शनिवार को जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में सितंबर माह की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। सैनिक सम्मेलन के उपरांत आयोजित इस गोष्ठी में जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए। बैठक में बीते माह के अपराधों की समीक्षा के साथ अनावरण, बरामदगी और रिकवरी के आंकड़ों का आकलन किया गया। इस दौरान एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने और अपराधियों के खिलाफ अधिक सक्रियता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एसएसपी नवनीत सिंह ने ऑपरेशन प्रहार के तहत सभी थाना प्रभारियों द्वारा की जा रही कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने नशा तस्करी, वाहन चोरी, हुड़दंग और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही जिन थानों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा, उन्हें अपराध नियंत्रण और बरामदगी की दर में सुधार लाने की नसीहत दी गई।

आगामी त्योहारों को देखते हुए जनपद में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और वाहनों का आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए की गई तैयारियों की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों से व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव मांगे, ताकि भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

गोष्ठी में सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने आवंटित सीयूजी नंबरों पर आने वाली कॉल रिसीव करने तथा आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं, जिससे जनता को समय पर राहत मिल सके और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हो।

अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी पर प्रहार, समयबद्ध विवेचना और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर आयोजित इस अपराध गोष्ठी में एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बेहतर पुलिसिंग के लिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभाएं।

Related Articles

Back to top button