हरिद्वार

रातभर चला परिवहन विभाग का शिकंजा: 45 लक्जरी बसों के चालान, 6 सीज

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जनपद में सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने 6 और 7 जून की रात विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। देर रात तक चले इस अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाली लक्जरी बसों और अन्य यात्री वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यात्री वाहनों का सुरक्षित एवं नियमबद्ध संचालन सुनिश्चित करना था। परिवहन विभाग की टीमों ने हरिद्वार, रुड़की, राष्ट्रीय राजमार्गों, प्रमुख यात्री मार्गों और बस अड्डों पर व्यापक जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, कर अदायगी, प्रदूषण प्रमाणपत्र, चालक लाइसेंस, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन निकास व्यवस्था समेत सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। जांच में कई वाहनों में तकनीकी और वैधानिक खामियां मिलने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग की कार्रवाई में 45 बसों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 6 बसों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा तकनीकी मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले 5 वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की संस्तुति भी सक्षम प्राधिकारी को भेजी गई है। निखिल शर्मा ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी ऐसे रात्रिकालीन सघन अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित और अनुशासित बनाया जा सके। उन्होंने वाहन स्वामियों और संचालकों से सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने, वाहनों का नियमित अनुरक्षण कराने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने की अपील की। उनका कहना है कि नियमों का पालन ही सुरक्षित यात्रा और दुर्घटनाओं में कमी का सबसे प्रभावी उपाय है।

Related Articles

Back to top button