लोन क्लोजर के 1.44 लाख रुपये हड़पकर फरार हुआ फील्ड ऑफिसर को रानीपुर कोतवाली पुलिस कुरुक्षेत्र से दबोच लाई
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। लोन क्लोजर की रकम कंपनी में जमा कराने के बजाय 1.44 लाख रुपये हड़पकर फरार हुए फाइनेंस कंपनी के पूर्व फील्ड ऑफिसर को रानीपुर पुलिस ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जुलाई 2026 से पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रेस कर उसे दबोचने में सफलता हासिल की। पुलिस के मुताबिक, जगजीतपुर कनखल निवासी आशीष गोयल ने 23 जुलाई को कोतवाली रानीपुर में शिकायत देकर बताया था कि उन्होंने भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड की शिवालिक नगर शाखा से लोन लिया था। लोन क्लोजर के लिए निर्धारित 1,44,300 रुपये कंपनी के तत्कालीन लोन अधिकारी व फील्ड ऑफिसर मिंटू कुमार गुज्जर ने अन्य लोगों के साथ मिलकर प्राप्त किए, लेकिन रकम कंपनी की शाखा में जमा नहीं कराई और उसे हड़प लिया। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी की तलाश में रानीपुर पुलिस लगातार जुटी थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके पुलिस ने पीपली, कुरुक्षेत्र हरियाणा में दबिश देकर मिंटू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं इस बाबत पर रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भारत फाइनेंस की शिवालिक नगर शाखा में लोन अधिकारी के पद पर कार्यरत था। उसने लोन क्लोजर के नाम पर मिली 1,44,300 रुपये की रकम कंपनी में जमा कराने के बजाय अपने पास रख ली और बाद में खर्च कर दी। इसके बाद वह शाखा छोड़कर फरार हो गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी मिंटू कुमार नयागांव, थाना नकुड़, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, चौकी प्रभारी गैस प्लांट अशोक सिरसवाल, कांस्टेबल अजय कुमार और कांस्टेबल कुलदीप शामिल रहे।









