साईं बाबा मंदिर के दानपात्र से चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
नशे के आदि बताए जा रहे आरोपियों के कब्जे से चोरी के 4,850 रुपये बरामद

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। साईं बाबा मंदिर के दानपात्र से हजारों रुपये चोरी करने के मामले का लक्सर पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 4,850 रुपये नकद बरामद किए हैं। पकड़े गए तीनों आरोपी नशे के आदि बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक बीती 10 नवंबर को सोसायटी रोड स्थित साईं बाबा मंदिर के दानपात्र से अज्ञात चोर करीब 10 से 12 हजार रुपये चोरी कर ले गए थे। मंदिर सोसायटी के अवनीश शर्मा ने कोतवाली में तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के डिजिटल साक्ष्य खंगालने के साथ ही मैनुअल तरीके से संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से चोरी के 4,850 रुपये बरामद किए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान खेमचंद उर्फ खेमा, लोकेश और कृष्णा उर्फ गोलू निवासी ढाढेकी, लक्सर के रूप में हुई है। पुलिस तीनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआई समीप पाण्डेय, हेडकांस्टेबल पंचम प्रकाश, हेडकांस्टेबल अरविन्द और हेडकांस्टेबल शमशेर आदि शामिल रहे।









