हरिद्वार

कुष्ठ रोगियों और वंचित वर्गों को हर हाल में मिले सरकारी योजनाओं का लाभ: डॉ. प्रदीप्त कुमार नायक

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, नई दिल्ली के विशेष मॉनिटर डॉ. प्रदीप्त कुमार नायक ने बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर मानवाधिकारों के संरक्षण, कमजोर एवं वंचित वर्गों के कल्याण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। बैठक में विशेष रूप से कुष्ठ रोगियों के पुनर्वास और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया। डॉ. नायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुष्ठ रोगियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रभावी पुनर्वास व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्हें उपचार, स्वास्थ्य सुविधाओं, आवश्यक दवाओं एवं जांच के साथ सम्मानजनक जीवन के लिए आवश्यक सामाजिक एवं आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि पात्र कुष्ठ रोगियों के राशन कार्ड, पेंशन तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। जिन व्यक्तियों को दिव्यांगता के कारण प्रमाण पत्र की आवश्यकता है, उनके प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया जाए तथा प्रमाण पत्र के आधार पर मिलने वाली सभी पात्र सुविधाओं का लाभ भी सुनिश्चित किया जाए। विशेष मॉनिटर ने कहा कि किसी पात्र व्यक्ति को केवल आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से ऐसे मामलों का समाधान करें और पात्र लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केवल योजनाएं संचालित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि उनका वास्तविक लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है। इसके लिए अधिकारी क्षेत्र में जाकर लाभार्थियों की स्थिति की जानकारी लें और ऐसे पात्र लोगों को चिन्हित करें, जो अभी तक योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। डॉ. नायक ने निर्बल, असहाय, दिव्यांग एवं वंचित वर्गों के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कमजोर वर्ग के लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए। बैठक में अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के माध्यम से कुष्ठ रोगियों, दिव्यांगजनों एवं अन्य कमजोर वर्गों के लिए संचालित योजनाओं और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। डॉ. नायक ने पात्र लाभार्थियों का नियमित चिन्हीकरण करने तथा योजनाओं के लाभ की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए। हरिद्वार आगमन पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने डॉ. प्रदीप्त कुमार नायक का स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि विशेष मॉनिटर द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों एवं सुझावों का संबंधित विभागीय अधिकारियों के माध्यम से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद, सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुबोध शर्मा, जिला प्रोवेशन अधिकारी अविनाश सिंह भदौरिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button