सामाजिक समरसता, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा और खादी-ग्रामोद्योग को मिलेगा बढ़ावा
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी 02 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर जनपद हरिद्वार में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन गरिमापूर्ण ढंग से किया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 02 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके पश्चात कार्यालयों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण एवं माल्यार्पण किया जाएगा। इस दौरान दोनों महापुरुषों के जीवन-संघर्ष, देशसेवा, त्याग, सादगी और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा।
विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में गांधी जी के जीवन एवं विचारों पर व्याख्यान, वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों को जातिगत भेदभाव से दूर रहकर सामाजिक समता एवं समरसता स्थापित करने का संदेश दिया जाएगा। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रमों में महिला सशक्तिकरण एवं बालिका शिक्षा को विशेष महत्व दिया जाएगा। महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जनजागरूकता पैदा करने के लिए अभियान चलाए जाएंगे। इसके साथ ही प्रौढ़ शिक्षा एवं साक्षरता को बढ़ावा देने और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए विभिन्न संस्थाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वतंत्रता आंदोलन और उत्तराखंड में गांधी के प्रभाव की जानकारी
कार्यक्रमों के दौरान महात्मा गांधी के नेतृत्व में चलाए गए स्वतंत्रता आंदोलन तथा उत्तराखंड में उनके विचारों एवं आंदोलनों के प्रभाव पर भी प्रकाश डाला जाएगा। नमक सत्याग्रह, स्वदेशी आंदोलन एवं व्यक्तिगत सत्याग्रह सहित स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। गांधी के सादा जीवन, उच्च विचार, मितव्ययिता, नैतिकता, भाईचारा और सर्वधर्म समभाव जैसे आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर रहेगा।
कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में प्रेम, सद्भाव, सहअस्तित्व एवं सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा। धर्म, जाति, रंग और भाषा के आधार पर होने वाले भेदभाव को समाप्त कर आपसी सम्मान एवं भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। ‘पंच निरपेक्षता’ की मूल अवधारणाओं पर भी प्रकाश डालते हुए लोगों को देश और समाज के निर्माण में प्रेम एवं सद्भावना की भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा।
महात्मा गांधी द्वारा प्रोत्साहित खादी, लघु एवं कुटीर उद्योगों के विकास एवं उन्नयन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उत्तराखंड में स्थानीय स्तर पर संचालित ऐसे उद्योगों को प्रोत्साहित करने तथा लोगों को खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उद्योग विभाग द्वारा इस संबंध में आवश्यक कार्यक्रम भी तैयार किए जा सकते हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 02 अक्टूबर को आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप गरिमापूर्ण, व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराए जाएं। साथ ही कार्यक्रमों के माध्यम से गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्शों, राष्ट्रसेवा, स्वच्छता, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाए।









