हरिद्वार

बिना लाइसेंस चल रहा हुक्का बार पकड़ा, संचालक पर 10 हजार का चालान

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, कैफे और बार में चलाए जा रहे औचक चेकिंग अभियान के तहत गंगनहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने क्षेत्र में संचालित एक हुक्का बार का रिकॉर्ड खंगाला तो वह बिना वैध लाइसेंस संचालित होता मिला। जांच में यह भी सामने आया कि संचालक ने कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराए बिना ही उन्हें काम पर रखा था। पुलिस ने मामले में संचालक फहीम कुरेशी निवासी रामपुर चुंगी के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का चालान किया। पुलिस ने होटल, ढाबा, बार और अन्य प्रतिष्ठान संचालकों को बिना वैध लाइसेंस बार संचालित न करने और बिना वैध आईडी किसी व्यक्ति को ठहरने न देने की सख्त हिदायत दी। साथ ही कर्मचारियों का अनिवार्य सत्यापन कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा उपकरण चालू हालत में रखने तथा एंट्री-एग्जिट प्वाइंट पर उच्च गुणवत्ता के कैमरे लगाने को कहा। संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगे भी अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button