चोरी की 9 बाइक बरामद, शातिर वाहन चोर गिरफ्तार
आरोपी लक्सर कोतवाली और देवबंद का भी है गैंगस्टर, देहरादून के डोईवाला में भी आरोपी के खिलाफ मुदकमें दर्ज
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की 9 मोटरसाइकिल और एक बाइक के पार्ट्स बरामद किए हैं। आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र से दोपहिया वाहन चोरी करता था और उन्हें एक बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री की झाड़ियों में छिपाकर रखता था। पुलिस के मुताबिक, बीते दिन 14 सितंबर किरवी चौक पर चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन टायर फिसलने से वह सड़क पर गिर गया। पुलिस टीम ने तुरंत उसे दबोच लिया। बाइक की जांच करने पर वह सिडकुल थाने में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित निकली। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर बंद पड़ी खाद फैक्ट्री के अंदर झाड़ियों में छिपाई गई 8 अन्य मोटरसाइकिल और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रवण निवासी दौलतपुर, थाना बहादराबाद, के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट, चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामले शामिल हैं। इसके अलावा देवबंद, सहारनपुर में भी उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी के फरार साथी की तलाश में जुटी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, एसएसआई प्रवीण बिष्ट, एएसआई अनिल कुमार सैनी सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।









