हरिद्वार

भगवानपुर थाना क्षेत्र में रविदास शोभायात्रा के बाद हिंसक झड़प

इलाके में तनाव, छावनी में तब्दील हुआ क्षेत्र, गोलियों से दहल उठा भगवानपुर

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। भगवानपुर थाना क्षेत्र में संत शिरोमणि रविदास जी की शोभायात्रा संपन्न होने के बाद दो गुटों के बीच हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा, जिससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शोभायात्रा के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी। जिसे मौके पर मौजूद लोगों की मदद से शांत करा दिया गया था, स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने शोभायात्रा को समय से पहले ही संपन्न करवा दिया, लेकिन शोभायात्रा समाप्त होने के बाद दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए।

इसके बाद विवाद ने उग्र रूप धारण कर लिया। इस दौरान फायरिंग और पथराव की घटनाएं सामने आईं, वहीं कुछ घरों में आगजनी किए जाने की भी सूचना है। घटना में तीन युवकों को गोली लगने की जानकारी मिली है,जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूत्रों के हवाले से एक युवक आनंद पुत्र लक्ष्मी चंद की मौत की खबर सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस के साथ-साथ आसपास के कई थानों से पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और हालात पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। बताया जा रहा है कि आक्रोशित भीड़ शव को मौके से हटाने नहीं दे रही है, जिसके चलते तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लोगों से शांति बनाए रखने की लगातार अपील कर रहे।

Related Articles

Back to top button