हरिद्वार

बहादराबाद पुलिस ने दबोचा शातिर वाहन चोर, 10 चोरी की बाइक बरामद

स्मैक की लत पूरी करने के लिए करता था बाइक चोरी आरोपी पहले भी जा चुका है जेल

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस का वाहन चोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बहादराबाद पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें पांच बाइक बहादराबाद कोतवाली में दर्ज वाहन चोरी के पांच मुकदमों से संबंधित हैं। पुलिस के मुताबिक बीते दिन चेकिंग के दौरान लोहे के पुल के पास गंगनहर किनारे संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दीपक निवासी तेलीवाला रसूलपुर, पिरान कलियर को रोका गया। बाइक के दस्तावेज नहीं मिलने पर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने चोरी की बात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गंगनहर किनारे जंगल में झाड़ियों के पीछे छिपाकर रखी गई नौ अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए बाइक चोरी करता था। आरोपी पूर्व में भी पिरान कलियर और भगवानपुर थानों से वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने पांच चोरी के मुकदमों का खुलासा करते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। बरामद अन्य पांच मोटरसाइकिलों के स्वामित्व का सत्यापन किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी विकास रावत, हेड कांस्टेबल राजवर्धन कांस्टेबल बलवंत सिंह कांस्टेबल पंकज बिष्ट कांस्टेबल विक्रम सिंह कांस्टेबल अवनेश राणा आदि शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button