हरिद्वार

धारा 370 हटने से मजबूत हुआ “एक भारत-श्रेष्ठ भारत”, उत्तराखंड में विकास को मिली नई गति

नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। जनपद मे गृह मंत्री अमित शाह की आयोजित जन सभा मे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश विकास और सुशासन की नई गाथाएँ लिख रहा है। वर्ष 2022 में उत्तराखंड की जनता ने सभी मिथकों को तोड़ते हुए प्रचंड बहुमत के साथ सरकार को दोबारा जनादेश दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार किया गया है। नागरिकता संशोधन अधिनियम लागू कर वर्षों से उपेक्षित हिंदू शरणार्थियों को सम्मान और सुरक्षा का अधिकार दिया गया। भारतीय न्याय संहिता सहित तीन नए कानूनों के माध्यम से न्याय व्यवस्था को भारतीय मूल्यों के अनुरूप बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है। जिन क्षेत्रों में कभी भय और अशांति का माहौल रहता था, वहां आज विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। कश्मीर के लाल चौक पर कभी तिरंगा फहराना चुनौती माना जाता था, लेकिन आज वहां गर्व के साथ तिरंगा लहरा रहा है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल लोक तथा बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण से देश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल रही है। हरिद्वार में आयोजित होने वाले आगामी कुंभ के लिए केंद्र सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री ने आभार जताया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन पर भी लगातार कार्य कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेल और हवाई कनेक्टिविटी सहित सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की ग्राउंडिंग हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य की आर्थिकी में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है। बीते वर्ष राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई और प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। राज्य बजट का आकार 60 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। इस अवधि में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जबकि स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर करीब 1700 तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास सूचकांक 2023-24 में उत्तराखंड को देश में पहला स्थान मिला है। पर्यटन, एविएशन और खेल के क्षेत्र में भी राज्य को कई राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुए हैं। समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। साथ ही ऑपरेशन कालनेमी और सघन सत्यापन अभियान के माध्यम से घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है तथा सख्त भू-कानून लागू कर भू-माफियाओं पर अंकुश लगाया गया है। इस अवसर पर अजय टम्टा, ऋतु भूषण खंडूड़ी, महेंद्र भट्ट, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, रमेश पोखरियाल, विजय बहुगुणा, माला राज्यलक्ष्मी शाह, अनिल बलूनी, अजय भट्ट, नरेश बंसल, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, सौरभ बहुगुणा, आनंद बर्द्धन सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button