हुड़दंग और गाली-गलौज करने वाले 8 पर नगर कोतवाली पुलिस का शिकंजा
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। हरकी पैड़ी क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने और आपस में लड़ाई-झगड़ा कर हुड़दंग मचाने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने 8 व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा के तहत कार्रवाई की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुरोहित मोड़ के पास कुछ व्यक्तियों के बीच लड़ाई-झगड़ा और गाली-गलौज होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां आठ व्यक्ति आपस में विवाद करते हुए मारपीट पर उतारू थे। पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शांत होने के बजाय और अधिक उत्तेजित हो गए। स्थिति बिगड़ने और संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी आठ व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस द्वारा नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा ने बताया कि हरिद्वार एक धार्मिक एवं तीर्थनगरी है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और यात्रियों का आवागमन रहता है। ऐसे में क्षेत्र की शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, गाली-गलौज और लड़ाई-झगड़ा करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और शांति भंग करने का प्रयास करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस टीम में कुन्दन सिंह राणा, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली नगर हरिद्वार, उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल, कांस्टेबल शिव शंकर, कांस्टेबल रमेश चौहान, कांस्टेबल मानसिंह मौजूद रहे।









