
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। लक्सर में ईद की नमाज के दौरान फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। त्योहार के मौके पर हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया था, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चंद घंटों में ही आरोपी को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक 21 मार्च को खेड़ी खूर्द निवासी रिजवान ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षी ने उसके और उसके परिजनों के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वही त्योहारी सीजन को देखते हुए एसएसपी नवनीत ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल रुड़की और सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार निगरानी और सटीक सुरागरसी के बाद आरोपी आस मोहम्मद निवासी खेड़ी कला को गिरफ्तार कर लिया गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसएसआई नितिन चौहान, एसआई दीपक चौधरी, हेड कांस्टेबल मनोज मिनान सहित कांस्टेबल अनूप पोखरियाल आदि शामिल रहे।









