रुड़की

नशे की लत में बना वाहन चोर गिरोह, गंगनहर पुलिस ने 8 बाइक संग तीन दबोचे

इमरान देशभक्त रुड़की प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(इमरान देशभक्त) रुड़की। हरिद्वार पुलिस को वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के कुल 8 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस टीम ने विभिन्न वाहन चोरी के मामलों की जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्य, मुखबिर की सूचना और सटीक सुरागरसी के आधार पर 22 मार्च 2026 को पनियाला लाठरदेवा तिराहे के पास से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 8 वाहन बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हनी कश्यप (31 वर्ष), सलमान (25 वर्ष) और मयंक (20 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए वाहन चोरी करते थे। चोरी के वाहनों को शक्ति विहार क्षेत्र के पास एक खंडहर में छिपाकर रखा जाता था और बाद में उन्हें मॉडिफाई कर बेच दिया जाता था। बरामद वाहनों में चार वाहन कोतवाली गंगनहर में दर्ज मामलों से संबंधित हैं, जबकि अन्य चार वाहन भी चोरी के हैं, जिनमें कुछ बिना नंबर प्लेट के मिले हैं। पुलिस टीम की कड़ी मेहनत और सटीक कार्यशैली के चलते इस गिरोह का खुलासा संभव हो सका। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button