21 घंटे में खुलासा: रानीपुर पुलिस ने चैन स्नैचिंग का किया पर्दाफाश, शातिर बदमाश गिरफ्तार
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए शिवालिक नगर क्षेत्र में हुई चैन स्नैचिंग की घटना का महज 21 घंटे में खुलासा कर एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन का हिस्सा, अवैध चाकू और नकदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 23 मार्च की रात शिवालिक नगर निवासी सत्यशील वत्स की मेडिकल स्टोर पर दो युवक बाइक से पहुंचे। एक युवक बाहर बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा ग्राहक बनकर दुकान में घुसा और मौका पाकर दुकानदार के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा के नेतृत्व में टीम गठित की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने, संदिग्धों से पूछताछ और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 25 मार्च को बहादराबाद स्थित बीएचईएल तिराहे के पास से आरोपी अनमोल गर्ग (24 वर्ष), निवासी मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथी आशीष उर्फ पगला (निवासी बुराड़ी, दिल्ली) के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देता है। दोनों नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए इस तरह की घटनाएं करते हैं। घटना से पहले आरोपियों ने इलाके की रेकी की और फिर मेडिकल स्टोर संचालक को निशाना बनाया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1.10 लाख रुपये कीमत की लूटी गई सोने की चेन का आधा हिस्सा, एक अवैध फोल्डिंग चाकू और 200 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी पहले भी गंभीर आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।









