हरिद्वार

भेष बदलकर ठगी की कोशिश नाकाम, ज्वालापुर पुलिस ने तीन ‘कालनेमी’ बाबा पकड़े

चिराग कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। मुख्यमंत्री उत्तराखंड द्वारा संचालित “ऑपरेशन कालनेमी” अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस ने शनिवार को ज्वालापुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन बहुरूपिये ‘बाबा’ भेषधारियों को हिरासत में लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ज्वालापुर के नेतृत्व में शनिवार को क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुल जटवाड़ा के आसपास तीन व्यक्ति बाबाओं का भेष धारण कर तंत्र-मंत्र और जादू-टोना जैसी गतिविधियां दिखाकर स्थानीय लोगों व यात्रियों को आकर्षित कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, इनकी गतिविधियों के चलते मौके पर भीड़ एकत्र हो रही थी, जिससे किसी भी समय स्थिति बिगड़ने की आशंका बनी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की पहचान भिषा नाथ पुत्र रमेश नाथ निवासी घोसीपुरा अम्बुबाला, अर्जुन पुत्र कलमी नाथ निवासी पदार्था धनपुरा तथा सेठू पुत्र ओमप्रकाश निवासी पथरी क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि तीनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में हेड कांस्टेबल हिमेश चंद्र एवं कांस्टेबल अरुण कोटनाला शामिल रहे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इस प्रकार के भ्रामक और संदिग्ध गतिविधियों से सावधान रहें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Related Articles

Back to top button