चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार में सड़कों की मरम्मत तेज, 24 घंटे चल रहा सीवरेज कार्य
डीएम मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के बाद निर्माण एजेंसियां एक्टिव, एक दिन में 807 मीटर सड़क पुनर्निर्माण पूरा
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। चारधाम यात्रा को देखते हुए हरिद्वार शहर में सीवरेज कार्य के चलते खोदी गई सड़कों की मरम्मत अब तेज रफ्तार पकड़ चुकी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के बाद संबंधित विभाग और ठेकेदार दिन-रात काम कर रहे हैं, जिससे आम जनता, व्यापारियों और यात्रियों को जल्द राहत मिल सके दरअसल, शहर में सीवरेज लाइन डालने के लिए कई सड़कों को खोदा गया था, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने अधिकारियों की बैठक बुलाकर सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए थे। परियोजना प्रबंधक, निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा, उत्तराखंड पेयजल निगम मिनाक्षी मित्तल के अनुसार, केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के तहत पैकेज 01 और पैकेज 02 में तेजी से कार्य किया जा रहा है। एक दिन मे 18 अप्रैल को किए गए कार्यों के अनुसार पैकेज 01 इंडस्ट्रियल एरिया में 650 मीटर बिटुमिनस रोड, इंटर कॉलेज रोड पर 12 मीटर सीसी रोड और शांति मार्ग पर 19 मीटर टाइल्स रोड का निर्माण पूरा किया गया। कुल 681 मीटर कार्य संपन्न हुआ। वही पैकेज 02 द्वारका विहार, मोहन इंक्लेव, शिवापुरम कॉलोनी, राज विहार फेस 2 और आशुतोष विहार में कुल 126 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया। इस प्रकार एक ही दिन में कुल 807 मीटर सड़क पुनर्निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया, जो प्रशासन की सक्रियता को दर्शाता है बता दे जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी खुदी हुई सड़कों की मरम्मत हर हाल में पूरी कर ली जाए। इसी के तहत कार्यों की निगरानी लगातार की जा रही है और निर्माण एजेंसियों को समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के लिए कहा गया है। प्रशासन का दावा है कि कार्यों की यह रफ्तार जारी रही तो जल्द ही शहर की सड़कों की स्थिति सामान्य हो जाएगी और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।









