महिला अस्पताल की एमसीएच विंग में गूंजी किलकारी, अत्याधुनिक आपरेशन थिएटर में हुआ बच्चे का जन्म
हरिद्वार की गर्भवती महिलाओं को मिलेगा अच्छा ईलाज, हायर सेंटर रैफर से मिलेगी मुक्ति

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। महिला अस्पताल स्थित 200 बेड के एमसीएच (मदर एंड चाइल्ड हेल्थ) विंग में आईपीडी सेवाएं विधिवत शुरू कर दी गई हैं। शुक्रवार को अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर में एलएससीएस ऑपरेशन के माध्यम से उत्तरी हरिद्वार की एक गर्भवती महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। विशेषज्ञ डॉक्टरों और प्रशिक्षित चिकित्सकों की निगरानी में संपन्न हुए इस सफल ऑपरेशन के बाद जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
इसके साथ ही अब अस्पताल में ओपीडी के साथ-साथ आईपीडी सेवाएं भी पूर्ण रूप से संचालित होने लगी हैं। एमसीएच विंग का संचालन पीपीपी मोड पर कर रही संस्था एनपीपीएल के निदेशक मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि 200 बेड के इस अस्पताल को पूरी क्षमता के साथ शुरू कर दिया गया है। ओपीडी सेवाएं पहले से संचालित थीं और अब आईपीडी सेवाओं की शुरुआत से गर्भवती महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में गर्भवती महिलाओं की सुविधा के लिए ओपीडी का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं अब भर्ती होकर उपचार लेने वाली मरीजों के लिए आईपीडी सेवाएं भी उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि एनपीपीएल द्वारा महिला अस्पताल की एमसीएच विंग के सफल संचालन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ताकि हरिद्वार की महिलाओं को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।









