घोसीयान में दो पक्षों में तनाव, पथराव से मचा हड़कंप, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश जारी
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। उपनगरी ज्वालापुर के घोसीयान क्षेत्र में दो पक्षों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद एक बार फिर उग्र हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान जमकर पथराव हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक हुए पथराव से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और आसपास के दुकानदारों ने एहतियातन अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आई हैं, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें बताई जा रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने के साथ ही क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। वहीं इस बाबत पर ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह ने बताया कि घोसीयान क्षेत्र में दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चलता आ रहा है, साथ ही गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी फिलहाल इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।









