76 लाख श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब, सोमवती अमावस्या स्नान पर्व शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न
प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सफलता ने एक बार फिर हरिद्वार के आयोजन क्षमता को किया साबित
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। धर्मनगरी में सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ा। अनुमानित 76 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। भारी भीड़ और विशाल जनसमागम के बावजूद प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से स्नान पर्व पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सफल आयोजन पर सभी श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, संत-महात्माओं, तीर्थ पुरोहितों, स्वयंसेवी संगठनों, मीडिया कर्मियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और बेहतर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एवं प्रशासन ने समर्पण, धैर्य और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया, जिसके सकारात्मक परिणाम पूरे आयोजन के दौरान देखने को मिले। जिलाधिकारी ने कहा कि स्नान पर्व की सफलता प्रशासन, पुलिस और सहयोगी विभागों के बीच उत्कृष्ट समन्वय, प्रभावी योजना और निरंतर निगरानी का परिणाम है। भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, घाटों पर सुरक्षा, चिकित्सा सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और आपदा प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं को सक्रिय रखते हुए हर स्तर पर सतर्कता बरती गई। उन्होंने उन अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष सराहना की जिन्होंने दिन-रात ड्यूटी निभाकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया। साथ ही श्री गंगा सभा, साधु-संतों, व्यापारिक संगठनों, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, परिवहन विभाग, जल संस्थान, विद्युत विभाग और अन्य सहयोगी एजेंसियों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया। जिलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार पहुंचे श्रद्धालुओं के अनुशासन, सहयोग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन ने भी इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी सभी के सहयोग और समन्वय से ऐसे धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होते रहेंगे।









