कुंभ-2027 की तैयारियों को मिली रफ्तार, खड़खड़ी में बन रहा 13 करोड़ से अधिक लागत का आधुनिक पुल
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 को लेकर हरिद्वार में अवस्थापना विकास कार्यों ने गति पकड़ ली है। मेला प्रशासन लगातार निर्माण कार्यों की निगरानी कर रहा है ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसी क्रम में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने शनिवार को खड़खड़ी क्षेत्र का दौरा कर सूखी नदी पर निर्माणाधीन पुल के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्धता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ मेला-2027 से जुड़े सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत सूखी नदी में वर्तमान कॉजवे के स्थान पर 44.80 मीटर लंबा डबल लेन केबल नेट आर्च पुल बनाया जा रहा है। लगभग 13.22 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगी। वर्तमान कॉजवे पर बारिश के दौरान जलभराव और तेज बहाव के कारण आवागमन प्रभावित होता है, जिससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नए पुल के निर्माण से इस समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। पुल को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है। इसमें पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित फुटपाथ की व्यवस्था होगी, जबकि दोनों ओर एप्रोच रोड भी बनाई जाएगी, जिससे यातायात और अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगा। कुंभ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए यह परियोजना विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने बताया कि पुल के एक पिलर के नीचे से गुजर रही सीवर लाइन को स्थानांतरित किया जाना आवश्यक है। इस पर अपर मेलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर शिफ्टिंग का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्ता नियंत्रण और विभागीय समन्वय पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कुंभ-2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी परियोजनाओं को समय पर पूरा करना अनिवार्य है। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









