हरिद्वार

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, अधिकारी संवेदनशीलता के साथ करें कार्य: मंत्री भरत सिंह चौधरी

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी और रोजगारपरक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने ग्राम्य विकास, स्वरोजगार, लघु एवं सूक्ष्म उद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग, मनरेगा, आजीविका संवर्धन, ग्रामीण अवस्थापना विकास, कृषि, उद्यान और पशुपालन विभागों की योजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान मंत्री ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए स्वयं सहायता समूहों और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के माध्यम से अधिकाधिक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की बात कही। उन्होंने ‘लखपति दीदी योजना’ के अंतर्गत शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश देते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण तथा पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी तय करने पर बल दिया। बैठक में मंत्री ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के निर्देशन में संचालित ‘क्लाउड किचन योजना’ की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराने और उनकी आय बढ़ाने की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं को इस योजना से जोड़ने के निर्देश भी दिए। समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। मंत्री ने जनपद में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासनिक टीम के समन्वित प्रयासों से योजनाओं का लाभ तेजी से लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रखने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button