रेलवे स्टेशन-रोडवेज क्षेत्र में चला प्रशासन का पीला पंजा, अवैध खोखे व हटाए अतिक्रमण
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में हरिद्वार जनपद में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन एवं रोडवेज क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिला प्रशासन, नगर निगम की टीम तथा पुलिस बल मौजूद रहा। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन और रोडवेज परिसर के आसपास सड़क, फुटपाथ एवं पटरी पर लगाए गए अवैध खोखों, अस्थायी दुकानों तथा अन्य अतिक्रमणों को हटाया गया। नगर निगम की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक मार्गों को खाली कराया। पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर शहर के प्रमुख सड़क मार्गों एवं फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। आगामी कुंभ मेले को देखते हुए प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही और आमजन की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों, सड़क एवं फुटपाथ पर अवैध कब्जे को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। रेलवे स्टेशन एवं रोडवेज क्षेत्र में चलाए गए अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों और आमजन को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना रहा। सड़क तथा फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण होने वाली यातायात बाधाओं को दूर करने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित करने पर भी प्रशासन ने जोर दिया। जिला प्रशासन ने बताया कि आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के मद्देनजर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नगर निगम और पुलिस के सहयोग से शहर के प्रमुख मार्गों, फुटपाथों एवं सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।









