हरिद्वार

सहकारी उपभोक्ता भंडार चुनाव के बीच बवाल, भाजपा नेता विकास तिवारी को पीटा

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। थोक केंद्रीय सहकारी उपभोक्ता भंडार के डायरेक्टर पद के चुनाव में भाजपा के प्रदेश सह-प्रवक्ता एवं पूर्व अध्यक्ष विकास तिवारी पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। विकास तिवारी ने कोतवाली नगर में तहरीर दी है और तहरीर में सुनेहटी गांव निवासी सुशील चौधरी, उसके भतीजे शिवम कुमार सहित 15 अन्य अज्ञात लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही विकास तिवारी के समर्थकों में आक्रोश बढ़ गया और बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचे है जहां उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस बीच चुनाव परिणामों में विकास तिवारी समर्थित पैनल को बड़ी सफलता मिली है। 13 में से 10 डायरेक्टर पदों पर उनके समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। अब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होना बाकी है। विकास तिवारी पहले भी थोक केंद्रीय सहकारी उपभोक्ता भंडार के अध्यक्ष रह चुके हैं और इस बार भी अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। हमले के बाद विकास तिवारी ने आरोप लगाया कि विरोधी गुट अपनी संभावित हार से बौखलाकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। सूत्रों के अनुसार, दूसरा गुट भी भाजपा से जुड़े एक वरिष्ठ नेता के समर्थकों का बताया जा रहा है, जिससे पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Back to top button