मतदाता सूची पुनरीक्षण में न हो कोई चूक, एईआरओ पूरी जिम्मेदारी से करें कार्य: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय सभागार में सभी विधानसभा क्षेत्रों के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी एईआरओ को निर्देश दिए कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण, उनका संकलन तथा डिजिटलीकरण का कार्य पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक एईआरओ अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें और स्वयं भी क्षेत्र का निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता का सत्यापन सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो और कोई भी पात्र मतदाता अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए सभी अधिकारियों को गहन परीक्षण, सत्यापन और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए समयबद्ध एवं त्रुटिरहित तरीके से पुनरीक्षण कार्य संपन्न कराएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक शिक्षा) अमित कुमार चंद, उपनगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, सहायक निदेशक मत्स्य विभाग गरिमा मिश्रा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका शिवालिक नगर तारिक खान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









