हरिद्वार

देर रात से लगातार हो रही बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट

जिलाधिकारी ने सभी स्तरीय अधिकारियों को अलर्ट रहने के दिए निर्देश

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। जहां उत्तराखंड में रेड और येलो अलर्ट कर रखा है तो वहीं हरिद्वार जनपद में देर रात से हो रही लगातार बारिश ने कहर दिखा रखा है। हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने हरिद्वार जनपद में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने जलभराव, आपदा एवं किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने साथ ही जिला आपदा प्रबंधन टीम को त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।

वहीं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के चलते सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील स्तर पर स्थापित आपदा नियंत्रण कक्षों में तैनात कार्मिकों को पूरी तरह अलर्ट रखा जाए तथा प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के किसी भी क्षेत्र से जलभराव अथवा अन्य आपदा संबंधी सूचना प्राप्त होते ही संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया जाए तथा आपदा प्रबंधन टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र रवाना कर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किए जाएं।

जिलाधिकारी ने बताया कि वह स्वयं जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से जनपद में हो रही लगातार वर्षा की स्थिति पर पल-पल नजर बनाए हुए हैं तथा सभी संबंधित अधिकारियों से नियमित रूप से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा जनहित एवं जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक स्थिति पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएं।

Related Articles

Back to top button