हरिद्वार

कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर प्रशासन अलर्ट, सीसीटीवी से घाटों की निगरानी, आयुक्त और जिलाधिकारी ने परखी व्यवस्थाएं

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम स्नान और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। इसी क्रम में आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) स्थित मेला कंट्रोल रूम पहुंचकर स्नान पर्व की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हरकी पैड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों और प्रमुख स्नान स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही एवं भीड़ की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रमुख स्नान स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी जाए। किसी भी स्थान पर भीड़ का दबाव बढ़ने की स्थिति में तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने और भीड़ नियंत्रण को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। वहीं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ड्यूटी पर तैनात जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सक्रिय रखे जाएं। जिलाधिकारी ने पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि की जानकारी कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। प्रशासन का कहना है कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रखते हुए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगम तरीके से गंगा स्नान कर सकें।

Related Articles

Back to top button