हरिद्वार

चेकिंग से बचने की कोशिश बनी मौत का सफर

तेज रफ्तार में दो युवकों की मौत, पीछा कर रहा सिपाही भी घायल

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। पथरी थाना क्षेत्र में पुलिस चेकिंग से बचने की कोशिश एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। तेज रफ्तार से भाग रहे एक बाइक सवार की सामने से आ रही दूसरी बाइक से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पीछा कर रहे पुलिस कांस्टेबल की बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, पथरी थाना क्षेत्र में कांस्टेबल सुशील और चेतन नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक रोकने के बजाय तेज गति से भाग निकला। पुलिस कांस्टेबल सुशील ने उसका पीछा शुरू किया।

कुछ ही दूरी पर एक मोड़ के पास तेज रफ्तार से भाग रही बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। पीछे से पहुंची कांस्टेबल सुशील की बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त बाइकों से टकरा गई, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मनोज कुमार निवासी फेरूपुर, थाना पथरी और अजय निवासी हौजखेड़ी, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मनोज पतंजलि में कार्यरत था, जबकि अजय के संबंध में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

घायल कांस्टेबल सुशील के पैर में फ्रैक्चर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और उसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि पुलिस से बचने के लिए तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाना न केवल चालक बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी जोखिम में डाल सकता है। थोड़ी सी लापरवाही कुछ ही क्षणों में दो परिवारों की खुशियां छीन गईं, जबकि एक पुलिसकर्मी भी गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल पहुंच गया।

Related Articles

Back to top button